हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में पानी की समस्या को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता बब्बू यादव और वार्ड क्रमांक 27 के पार्षद सभापति मुन्नालाल यादव के बीच पानी की सप्लाई को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। इस पूरे विवाद के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पानी की राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता बब्बू यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर आरोप लगाया था कि वे अपने खर्च पर डीजल भरवाकर टैंकरों के माध्यम से क्षेत्र में पानी पहुंचा रहे हैं, लेकिन उनके टैंकरों को पानी भरने नहीं दिया जा रहा। उनका कहना था कि नगर निगम की व्यवस्था लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही है, इसलिए वे स्वयं लोगों की मदद कर रहे हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नगर निगम का टैंकर बब्बू यादव के परिवार के घर के बाहर पानी डालता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बहस और तेज हो गई। विरोधी पक्ष सवाल उठा रहा है कि जब नगर निगम क्षेत्र में पानी पहुंचा रहा है तो फिर पानी संकट को लेकर आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं।
पार्षद बोले- क्षेत्र में नियमित हो रही पानी की सप्लाई
वार्ड क्रमांक 27 के पार्षद मुन्नालाल यादव ने कहा कि क्षेत्र में लगातार पानी की आपूर्ति की जा रही है। गर्मी के मौसम में कुछ स्थानों पर पानी की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन नगर निगम द्वारा एक दिन छोड़कर नियमित रूप से टैंकर भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकांश क्षेत्र में नर्मदा लाइन बिछी हुई है, लेकिन कुछ स्थानों पर तकनीकी कारणों से पानी की सप्लाई नहीं हो पाती, इसलिए वहां टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाता है। पार्षद का कहना है कि कांग्रेस नेता के घर की ओर से भी पानी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद वहां भी टैंकर भेजा गया।
पार्षद ने आरोप लगाया कि जब क्षेत्र में लगातार पानी वितरण किया जा रहा है, तब कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
बब्बू यादव का जवाब- वह मेरा घर नहीं, बड़े भाई का घर है
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस नेता बब्बू यादव ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो में जिस घर पर पानी डाला जा रहा है, वह उनका घर नहीं बल्कि उनके बड़े भाई का घर है। बब्बू यादव ने कहा कि नगर निगम का टैंकर केवल उनके परिवार के घर पर नहीं बल्कि पूरी गली में सभी घरों पर दो-दो मिनट पानी डालता है। उन्होंने दावा किया कि यह क्षेत्र मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर की गली है, जहां नियमित रूप से पानी की सप्लाई होती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वे अपने निजी खर्च पर टैंकर चलवा रहे हैं, जिस पर हर महीने लगभग 45 हजार रुपए का खर्च आता है। उनका आरोप है कि अब उनके निजी टैंकरों को भी पानी भरने नहीं दिया जा रहा। इसके बावजूद वे जहां से भी पानी उपलब्ध होगा, वहां से पानी लाकर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, “करीब 6 हजार लोगों ने मुझे चुना है। उन लोगों की मदद करना मेरा दायित्व और कर्तव्य है। जनता को पानी मिले, इसके लिए मैं लगातार प्रयास करता रहूंगा।”
पानी का मुद्दा बना राजनीतिक अखाड़ा
गर्मी के मौसम में इंदौर के कई इलाकों में पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसे में पानी की आपूर्ति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। एक ओर नगर निगम और जनप्रतिनिधि व्यवस्था सुचारू होने का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर विपक्ष जल संकट को लेकर सवाल उठा रहा है। फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के दावों के बीच पानी का मुद्दा शहर की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

