प्रवीण साहू, अभनपुर। लगातार हो रही बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे भारी जलप्रवाह के बीच महानदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से गोबरा नवापारा के निचले इलाकों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नेहरू घाट स्थित सब्जी बाजार पूरी तरह पानी में डूब गया है। वहीं सोमवारी बाजार की निचली बस्ती में पानी घरों तक पहुंच गया है। गरीब परिवारों के आशियानों पर संकट गहराता जा रहा है।

दुकानदारों और रवासियों के माथे पर चिंता की लकीरें

जानकारी के मुताबिक, इंदिरा मार्केट से गंज रोड जाने वाले मार्ग पर करीब 5 से 10 फीट तक पानी भर गया है। सड़क जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित है। शनि मंदिर, संतोषी माता मंदिर सहित आसपास की दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया है। दुकानदार सामान बचाने में जुटे हैं, जबकि रहवासी बढ़ते पानी को लेकर चिंतित हैं।

जलाशय से छोड़ा जा रहा पानी

इधर गंगरेल जलाशय 99.01 प्रतिशत भर चुका है और करीब 3 लाख क्यूसेक पानी महानदी में छोड़े जाने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सिकासार जलाशय 89.32 प्रतिशत भर चुका है और उसके 12 गेट तीन फीट तक खोले गए हैं। यहां से करीब 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है, जबकि दुधावा और सोंढूर से भी पानी छोड़ा जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

बांधों के पानी और लगातार बारिश के बीच महानदी का रौद्र रूप अब नवापारा-राजिम के निचले इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बाजार, सड़क, मंदिर और बस्तियां जलभराव की चपेट में हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H