T20 World Cup 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। जहां एक ओर 20 टीमें खिताब की जंग में उतरेंगी, वहीं इस टूर्नामेंट में एक नाम ऐसा है, जो खेल जगत में नई कहानी लिखने को तैयार है। यह नाम है इटली क्रिकेट टीम के कप्तान वेन मैडसेन।

बता दें कि इटली इस बार पहली बार T20 वर्ल्ड कप में शिरकत कर रहा है और टीम की कमान एक ऐसे खिलाड़ी के हाथों में है, जिसने न केवल अलग-अलग देशों बल्कि दो अलग खेलों के वर्ल्ड कप में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वेन मैडसेन T20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली की कप्तानी करते हुए इतिहास रचने जा रहे हैं।

हॉकी वर्ल्ड कप से क्रिकेट वर्ल्ड कप तक का अनोखा सफर

साउथ अफ्रीका में जन्मे वेन मैडसेन का खेल सफर बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक रहा है। बहुत कम लोग जानते हैं कि मैडसेन पहले क्रिकेट नहीं, बल्कि हॉकी में वर्ल्ड कप खेल चुके हैं।

साल 2006 में उन्होंने हॉकी वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था, उस समय उनकी उम्र महज 22 साल थी। हालांकि यह टूर्नामेंट उनकी टीम के लिए खास सफल नहीं रहा। साउथ अफ्रीका ने पांच मुकाबले खेले, जिनमें तीन में हार मिली, जबकि भारत और साउथ कोरिया के खिलाफ मैच ड्रॉ रहे। इसके बावजूद, वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर खेलना मैडसेन के करियर का अहम अनुभव बना।

अब करीब दो दशक बाद वेन मैडसेन फिर एक वर्ल्ड कप में उतरने जा रहे हैं, लेकिन इस बार खेल बदला है, जर्सी बदली है और देश भी।

क्रिकेट में अनुभव की कोई कमी नहीं

हॉकी के साथ-साथ मैडसेन का क्रिकेट करियर भी काफी समृद्ध रहा है। उन्होंने 2004 में साउथ अफ्रीका की क्वाजुलू-नटाल टीम के लिए फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए क्रिकेट खेला। इसके बाद उनका करियर इंग्लैंड की काउंटी क्रिकेट में पहुंचा, जहां उन्होंने डर्बीशायर के लिए कई साल तक शानदार प्रदर्शन किया।

काउंटी क्रिकेट में लंबा समय बिताने के बाद वे इंग्लैंड के लिए खेलने के पात्र भी बन गए थे, लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। न तो साउथ अफ्रीका और न ही इंग्लैंड की सीनियर टीम के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका मिला।

42 साल की उम्र में इंटरनेशनल कप्तानी

लंबे इंतजार के बाद जुलाई 2023 में वेन मैडसेन ने इटली के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। इसके बाद महज कुछ ही समय में उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी गई। 42 साल की उम्र में कप्तान बने मैडसेन अनुभव और नेतृत्व का बेहतरीन उदाहरण हैं। उन्होंने अब तक 7 T20 इंटरनेशनल मैचों में 205 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 132.25 का है।

अगर कुल T20 करियर की बात करें तो मैडसेन का अनुभव किसी भी युवा खिलाड़ी से कहीं ज्यादा है।

  • 219 T20 मैच
  • 5516 रन
  • 2 शतक और 35 अर्धशतक
  • 135.16 का स्ट्राइक रेट

ये आंकड़े बताते हैं कि इटली को अपने डेब्यू वर्ल्ड कप में कितना अनुभवी कप्तान मिला है।

ग्रुप C में कठिन चुनौती, लेकिन कप्तान पर भरोसा

T20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली को ग्रुप C में रखा गया है, जहां उसका सामना नेपाल, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों से होगा। इटली अपना पहला मुकाबला 9 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलेगा।

भारत पहुंचने के बाद इटली ने अपने वॉर्म-अप मुकाबले में कनाडा जैसी उच्च रैंकिंग टीम को हराकर यह संकेत दे दिया है कि वह सिर्फ औपचारिकता निभाने नहीं आई है।

वेन मैडसेन से जुड़ी उम्मीदें

वेन मैडसेन न केवल इटली के कप्तान हैं, बल्कि टीम की रीढ़ भी हैं। उनका शांत स्वभाव, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और बड़े मैचों की समझ इटली को इस वर्ल्ड कप में अलग पहचान दिला सकती है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हॉकी से क्रिकेट तक का सफर तय करने वाले वेन मैडसेन क्या T20 वर्ल्ड कप 2026 में इटली को चौंकाने वाला प्रदर्शन दिला पाएंगे या नहीं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H