नेमरा। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची में जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की हर चिंता से अवगत है, पूरे मामले की गंभीरता से निगरानी कर रही है और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार उचित निर्णय लिया जाएगा।

छात्र आंदोलन पर सीएम का बड़ा संदेश
रामगढ़ के नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं और उनकी मांगों को गंभीरता से ले रही है।

‘सरकार सब कुछ देख और सुन रही है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास “आंख भी है, कान भी है और संवेदनशीलता भी है।” उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

जांच एजेंसियां जुटी हैं कार्रवाई में
हेमंत सोरेन ने बताया कि जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित और कानूनी निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। संविधान और कानून के दायरे में रहकर जो भी कदम जरूरी होंगे, सरकार उठाएगी और किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी है आंदोलन
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं।