संजय पाटीदार, भोपाल। Weather Alert: मध्य प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश के कई शहरों में सूरज आग उगल रहा है। सबसे ज्यादा असर इंदौर और उज्जैन संभाग में देखने को मिल रहा है, जहां दिन का तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है।मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
एमपी में 44 डिग्री पार पहुंचा पारा
शनिवार को नौगांव और खंडवा में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया जबकि प्रदेश के 15 शहरों में तापमान 43 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग रतलाम, खरगोन और खंडवा में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है।
एमपी के इन जिलों में लू की चेतावनी
इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, बुरहानपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज और सीधी समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
एमपी में गर्म हवाएं बढ़ाएंगी मुसीबत
भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर संभाग भी तेज गर्मी की चपेट में रहेंगे। इसके साथ ही भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी में भी गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मध्यप्रदेश के रतलाम में गर्मी का असर इतना ज्यादा रहा कि लोगों के मोबाइल फोन तक बंद होने लगे।
मौसम विभाग ने दी ये सलाह
राजधानी भोपाल में दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी हैं। विभाग ने सलाह दी है कि तेज धूप और लू से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और सूती कपड़े पहनें। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं होगी।

