भोपाल। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में पिछले 10 दिनों से जारी आंधी, चमक और बेमौसम बारिश का दौर अब पूरी तरह थमने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी की वापसी की चेतावनी जारी की है। आगामी 12 मई से राज्य के कई हिस्सों में हीट वेव (लू) चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
4 डिग्री तक बढ़ सकता है पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवाओं का रुख बदलने और आसमान साफ होने के कारण सूरज की तपिश बढ़ेगी। राजधानी भोपाल और इंदौर समेत कई प्रमुख शहरों में अगले 48 घंटों के भीतर तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
रतलाम रहा सबसे गर्म
प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले 24 घंटों में रतलाम जिला सबसे गर्म रहा, जहाँ पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया है।
पश्चिमी जिलों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी मध्य प्रदेश के जिलों में लू चलने की चेतावनी दी है। विभाग का कहना है कि 10 दिनों की राहत के बाद अब लोगों को तेज गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग ने सावधान रहने के दिए निर्देश
तेजी से बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सीधे धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

