नई दिल्ली: केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के औपचारिक रूप से प्रवेश के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने लगा है। इसका असर अब दिल्ली-NCR में भी साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में घने काले बादल छा गए। कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

दिल्ली-NCR में मौसम के अचानक बदलाव का असर नोएडा में भी देखने को मिला, जहां दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच आसमान पूरी तरह काले बादलों से ढक गया और कुछ ही देर में “रात जैसा” माहौल बन गया। तेज बदलाव के चलते कई सड़कों पर वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। अचानक हुई इस धूलभरी आंधी और तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन साथ ही जनजीवन को भी प्रभावित किया। धूलभरी हवाओं के कारण कई इलाकों में दृश्यता (visibility) काफी कम हो गई। सड़कों पर उड़ती धूल, पेड़ों की पत्तियां और हल्का कचरा हवा में उड़ता नजर आया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि यह स्थिति 6 जून तक बनी रह सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। IMD के पहले से जारी येलो अलर्ट के मुताबिक, 4 और 5 जून को दिल्ली में दिन के समय आंशिक बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के वक्त हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

इसके अलावा इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी और दृश्यता में कमी जैसी स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने का संकेत है, जो धीरे-धीरे मानसून के असर को और मजबूत करेगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के बाद देश के कई हिस्सों में नमी का स्तर बढ़ गया है, जिसका असर अब उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ी हुई नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं, धूलभरी आंधी और छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा। अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m