शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री मानसून एक्टिविटी ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। राज्य के ऊपर एक साथ 3 साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने की वजह से आंधी और मूसलाधार बारिश का दौर जारी है।
52 जिलों में हवाओं की रफ्तार रहेगी तेज
मौसम केंद्र ने प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 7 जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है।
इन 7 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’, रहें सावधान
मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश और अत्यंत तीव्र आंधी-तूफान को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल शामिल है। मौसम विभाग ने इन जिलों के निवासियों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है।
भोपाल-इंदौर समेत इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार (येलो अलर्ट)
राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज मौसम बदला रहेगा। भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा और सीहोर जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। इसके अलावा मालवा-निमाड़, ग्वालियर, महाकौशल, बुंदेलखंड, विंध्य व शहडोल संभाग में आंधी-बारिश के आसार के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन तीन जिलों को मिलेगी थोड़ी राहत
जहां एक तरफ पूरा प्रदेश प्री-मानसून की बारिश से भीग रहा है, वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि आलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में अन्य जिलों की तुलना में आंधी-बारिश का असर थोड़ा कम रहेगा और यहां के लोगों को मौसम से थोड़ी राहत मिल सकती है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में मध्य प्रदेश के ऊपर 3 अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन यानि चक्रवाती हवाओं का घेरा सक्रिय हैं। इस सिस्टम के चलते अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है, जिसके कारण जून की शुरुआत में ही प्रदेशभर में प्री-मानसून की दमदार एक्टिविटी देखने को मिल रही है।

