शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी और मानसून की एंट्री के बाद अब मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों के लिए चिंता की बात यह है कि मानसून राज्य के 15 जिलों में दस्तक देने के बाद फिलहाल एक ही जगह पर ठहर गया है, जिससे रेन की टेंशन बढ़ गई है।

45 जिलों में आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का घेरा सक्रिय होने के कारण अधिकांश हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। आज राज्य के 45 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

इन प्रमुख जिलों में अलर्ट: राजधानी भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर।

ग्वालियर-चंबल में हल्की बूंदाबांदी, पर गर्मी से राहत नहीं

एक तरफ जहां आधे से ज्यादा मध्यप्रदेश में बारिश का दौर रहेगा, वहीं ग्वालियर-चंबल संभाग में अब भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में आज हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इसके बावजूद इस क्षेत्र में उमस और तपिश बरकरार रहेगी और दिन का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने की संभावना है।

अगले 3-4 दिनों में आगे बढ़ेगा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भले ही मानसून अभी एक जगह पर स्थिर हो गया है, लेकिन बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे सिस्टम के चलते अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ेगा और प्रदेश के बाकी हिस्सों को कवर करते हुए आगे बढ़ेगा। किसानों और आम लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m