संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा के तीसरे दिन भी भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) का सितम जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज की तपिश इस कदर बढ़ गई है कि मप्र के शहरों ने राजस्थान के चूरू और जैसलमेर को भी पीछे छोड़ दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, खजुराहो और नौगांव में पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ये इलाके भट्टी की तरह तप रहे हैं।
लगातार बढ़ती इस भीषण गर्मी के बीच देश के 40 सबसे गर्म शहरों की सूची में मध्य प्रदेश के 12 शहर शामिल रहे हैं। वहीं राजधानी भोपाल में भी तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया है।
इन जिलों में ‘लू’ का रेड अलर्ट, घरों में रहने की सलाह
मौसम केंद्र ने प्रदेश के आधे हिस्से में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। छतरपुर, निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में तीव्र लू (Severe Heat Wave) का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल संभाग, बुंदेलखंड, विंध्य और महाकौशल के इलाकों में भी तेज लू थपेड़े चलेंगे।
अगले 48 से 72 घंटों में मिलेगी राहत, प्री-मानसून की दस्तक
भीषण गर्मी से बेहाल मध्य प्रदेश के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर भी आ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।
ग्वालियर-चंबल संभाग सहित प्रदेश के कुछ अन्य क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की उम्मीद है, जिससे आंधी और बारिश के आसार हैं।
इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं (आंधी) चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी।

