सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। वाड्रफनगर के अजगरा नाले के पास पिकअप पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मालवाहक पिकअप से छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तरप्रदेश के म्योरपुर बारात जा रहे थे। पिकअप में कुल 7 लोग सवार थे। इस दौरान गाड़ी पेड़ से टकरा गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

चेतावनी के बावजूद सबक नहीं ले रहे लोग

बता दें कि हर साल शादी के सीजन में मालवाहक गाड़ियों का उपयोग किया जाता है। लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने से आए दिन हादसे हो रहे और लोगों की जानें जा रही है। बड़ी सवाल यह है कि आखिर कब मालवाहक वाहनों में बारात ले जाने का सिलसिला रुकेगा। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे।

रायपुर में भी हादसा, ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत

छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना मंदिर हसौद थाना इलाके की है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजा देने की मांग की। कांग्रेस ने भी प्रदर्शन में बैठकर उनका समर्थन किया। बताया जा रहा है कि, अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ट्रक ने युवकों को रौंदा है।

थाना प्रभारी आशीष यादव के मुताबिक, गोलू यादव और राजू यादव रोज की तरह काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार देर रात सरीखेड़ी के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।