बहादुरगढ़ | घर में शादी की बातें चल रही थीं। मां ने रिश्ते को मंजूरी दे दी थी। दोनों एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने के सपने देख रहे थे। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद यही रिश्ता खूनी वारदात में बदल जाएगा।
कल जब नहर किनारे एक युवक और युवती खून से लथपथ हालत में मिले तो इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की मौत हो चुकी थी, जबकि युवक गंभीर हालत में पड़ा था। शुरुआत में मामला आत्महत्या या हमले का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो पूरी कहानी ने हर किसी को हैरान कर दिया।

दरअसल Bahadurgarh के सेक्टर-6 स्थित देवीलाल पार्क के पास नहर किनारे मिली युवती की हत्या उसके दोस्त अभिषेक ने ही की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले युवती चांदनी उर्फ मधु का तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या की और बाद में खुद की गर्दन और कलाई काट ली। घायल हालत में मिले युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मृतका की पहचान बिहार निवासी और फिलहाल शक्ति नगर में रह रही चांदनी उर्फ मधु के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक जनवरी महीने में उसकी मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat पर अभिषेक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कुछ ही दिनों में रिश्ता प्यार में बदल गया। चांदनी ने अपनी मां बीना को भी अभिषेक के बारे में बता दिया था और उनसे मुलाकात करवाई थी।
परिवार का कहना है कि उन्होंने दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया था। यहां तक कि 20 मई को रिश्ता आगे बढ़ाने के लिए अभिषेक के घर जाने की तैयारी भी थी। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही सवाल कर रही हैं कि “जब मैं शादी के लिए तैयार थी तो उसने मेरी बेटी को क्यों मार दिया?”
जांच में यह भी सामने आया कि अभिषेक ने शुरू में खुद को भिवानी का रहने वाला बताया था, लेकिन बाद में आधार कार्ड में उसका पता फतेहाबाद का निकला। पूछने पर उसने परिवार को अलग-अलग जानकारी दी थी। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
