West Bengal Chunav Result 2026: पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आज जारी होंगे। इसके लिए काउंटिंग की प्रक्रिया चल रही है। बात करें बंगाल की तो यहां अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे है। शुरुआती रूझानों में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बार के चुनाव में मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने भी धुआंधार प्रचार किया। आइए एक नजर डालते है उन सीटों पर जहां-जहां मुख्यमंत्री ने सभा की।

कोलकाता जिले की कमरहाटी विधानसभा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कोलकाता जिले की कमरहाटी, मेदिनीपुर की खड़गपुर सदर और बांकुरा विधानसभा सीट पर प्रचार किया था। कमरहाटी से बीजेपी प्रत्याशी अरुप चौधरी आगे चल रहे हैं। मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष भी आगे चल रहे हैं। वहीं बांकुरा विधानसभा सीट से भी भाजपा कैंडिडेट नीलाद्रि शेखर दाना आगे चल रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने किया ये दावा

एमपी कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि वेस्ट बंगाल, असम और तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहने वाला है। उनके मुताबिक एग्जिट पोल भी यही संकेत दे रहे हैं कि बंगाल में अब दीदी युग समाप्त होने जा रहा है और जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनाने के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि असम में बीजेपी सरकार बनाएगी और बंगाल में भी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

आपको बता दें कि कोलकाता जिले की कमरहाटी सीट से बीजेपी प्रत्याशी अरूप चौधरी, टीएमसी उम्मीदवार मदन मित्रा, मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष, टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप सरकार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं बांकुरा विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना, टीएमसी उम्मीदवार डॉ. अनूप मंडल, कांग्रेस से अरूप बनर्जी और CPI-M से अवोयानंद मुखोपाध्याय चुनाव लड़ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m