पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए शुरू की गई Annapurna Yojana के सालाना बजट को बढ़ाकर 48,000 करोड़ रुपये करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कोलकाता के धनधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की। सरकार ने इससे पहले योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया था, लेकिन लाभार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे बढ़ाने की जरूरत बताई गई।

1.45 करोड़ महिलाओं को मिल चुकी है मंजूरी

मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक करीब 1.45 करोड़ महिलाओं को योजना का लाभ देने की मंजूरी दी जा चुकी है। वहीं, लगभग 14 लाख आवेदनों का सत्यापन अभी जारी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, 17 अगस्त से लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की राशि पहुंचनी शुरू हो गई है। सरकार का लक्ष्य है कि पात्र महिलाओं को प्रत्येक महीने के दूसरे सप्ताह तक सहायता राशि मिल जाए।

1.80 करोड़ आवेदन, 14 लाख की जांच जारी

सरकार को अब तक करीब 1.80 करोड़ आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10 जुलाई तक जमा किए गए 1.66 करोड़ आवेदनों का सत्यापन पूरा हो चुका है। वहीं, 10 जुलाई से 31 जुलाई के बीच प्राप्त करीब 14 लाख आवेदनों की जांच अभी चल रही है।

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि 20 अगस्त को नया पोर्टल शुरू किया जाएगा। इसके जरिए ऐसी पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी, जिनका नाम अब तक लाभार्थी सूची में शामिल नहीं हो पाया है। प्रशासन आवेदनों की जांच और सत्यापन के बाद पात्र महिलाओं को योजना में शामिल करेगा।

अपात्र लाभार्थियों की भी होगी जांच

मुख्यमंत्री ने बीजेपी महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं से अपील की कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने आर्थिक रूप से संपन्न महिलाओं के योजना का लाभ लेने से जुड़े मामलों की जांच की बात कही। उन्होंने जरूरतमंदों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को सहायता की वास्तविक जरूरत नहीं है, वे लाभ छोड़कर किसी जरूरतमंद महिला के लिए अवसर उपलब्ध कराएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m