Dharm Desk: नाग पंचमी हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वोँ में से एक है। इस दिन नाग देवता की पूजा करने की परंपरा है। सावन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर विधि-विधान से नाग देवता और भगवान शिव की आराधना करने से सुख-समृद्धि आती है। सर्पदंश का भय दूर होता है। इस साल नाग पंचमी का पर्व 17 अगस्त, सोमवार को मनाया जाएगा।
वैदिक पंचांग के अनुसार सावन शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 16 अगस्त को शाम 4: 52 मिनट से शुरू होगी। 17 अगस्त को शाम 5:00 बजे समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार नाग पंचमी का पर्व 17 अगस्त को ही मनाया जाएगा। इस दिन भक्त नाग देवता की पूजा के साथ भगवान शिव का अभिषेक करते है।
नाग पंचमी पर इस तरह करें पूजा
नाग पंचमी के दिन सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान आदि से निवृत्त होने के बाद भवागन शिव और नाग देवता का स्मरण करना चाहिए। पूजा के दौरान नाग देवता को फल, फूल, मिठाई और दूध अर्पित करने की परंपरा है। इसके साथ ही भगवान शिव को जल और बेलपत्र चढ़ाकर पूजा की जाती है। जिन लोगों की कुंडली में कालसर्प दोष या राहु-केतु से संबंधित दोष बताए गए हैं, वे इस दिन विशेष रूप से नागदेव की पूजा और भगवान शिव की आराधना करें।
सांप को नुकसान पहुंचाने से बचें
नाग पंचमी के दिन सांप को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचाना वर्जित है। मान्यता है कि नाग देवता की पूजा के दिन जीवों के प्रति करुणा और अहिंसा का भाव रनाख चाहिए। किसी सर्प को पकड़कर परेशान करना या उसे चोट पहुंचाना शुभ नहीं माना जाता।
लोहे के बर्तनों के इस्तेमाल से परहेज करें
नाग पंचमी के दिन तवा और लोहे की कड़ाही में भोजन न बनाने की मान्यता प्रचलित है। धार्मिक विश्वास के अनुसार इस दिन लोहे के बर्तनों के प्रयोग से बचना चाहिए। हालांकि यह एक पारंपरिक धार्मिक मान्यता है, जिसका पालन श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार करते हैं।
जमीन खोदना भी माना जाता है अशुभ
नाग पंचमी पर जमीन खोदने से भी बचने की परंपरा है। मान्यता है कि नागों का संबंध धरती और उनके बिलों से होता है। ऐसे में इस दिन खुदाई करने से उनके आश्रय को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए लोग नाग पंचमी पर जमीन खोदने या खुदाई से जुड़े काम टालते हैं।
सुई-कैंची का इस्तेमाल न करें
नाग पंचमी के दिन सुई, कैंची और अन्य धारदार वस्तुओं का इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए। इस दिन सिलाई-कढ़ाई जैसे काम न करने की मान्यता है। श्रद्धालु नाग देवता का ध्यान करते हुए पूजा, व्रत और धार्मिक कार्यों में समय बिताते है ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


