Lifestyle Desk – सुबह का समय हर घर में काफी व्यस्त होता है। बच्चों को स्कूल भेजने से लेकर खुद ऑफिस के लिए तैयार होने तक कई काम एक साथ करने पड़ते हैं। ऐसे में नाश्ते के लिए ऐसी रेसिपी की तलाश रहती है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी हो और कम समय में तैयार भी हो जाए। डोसा एक ऐसा ही नाश्ता है, लेकिन पारंपरिक डोसा बनाने के लिए चावल और दाल को कई घंटों तक भिगोना, पीसना और फिर बैटर को फर्मेंट होने के लिए रातभर रखना पड़ता है। यही वजह है कि चाहकर भी लोग इसे रोजाना नाश्ते में नहीं बना पाते।

हालांकि, अगर आप डोसा खाने के शौकीन हैं तो आपको इसके लिए घंटों तैयारी करने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान इंस्टेंट डोसा रेसिपीज की मदद से आप बिना बैटर को भिगोए और फर्मेंट किए महज 10 से 15 मिनट में क्रिस्पी और स्वादिष्ट डोसा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही 5 आसान रेसिपीज।

सूजी का इंस्टेंट डोसा

सूजी यानी रवा से बनने वाला डोसा सुबह के नाश्ते के लिए एक बढ़िया विकल्प है। इसके लिए सूजी में थोड़ा चावल का आटा, दही, नमक और पानी मिलाकर पतला बैटर तैयार करें। इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया भी डाल सकते हैं। बैटर को कुछ मिनट आराम देने के बाद गर्म तवे पर पतला फैलाएं। दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें।

बेसन का डोसा

प्रोटीन से भरपूर बेसन को डोसे के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बेसन में नमक, अजवाइन, हल्दी, हरी मिर्च और थोड़ा पानी डालकर घोल तैयार करें। चाहें तो इसमें बारीक कटी सब्जियां भी मिला सकते हैं। अब इसे तवे पर फैलाकर थोड़ा तेल डालें और कुरकुरा होने तक पकाएं। इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसा जा सकता है।

ओट्स का इंस्टेंट डोसा

हेल्थ कॉन्शियस लोगों के लिए ओट्स डोसा अच्छा विकल्प है। ओट्स को मिक्सर में हल्का पीसकर उसका आटा बना लें। इसमें थोड़ा सूजी या चावल का आटा, दही, नमक और पानी मिलाएं। बैटर को ज्यादा गाढ़ा न रखें। गर्म तवे पर इसे फैलाएं और दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेंकें।

गेहूं के आटे का डोसा

अगर किचन में मौजूद चीजों से तुरंत डोसा बनाना चाहते हैं तो गेहूं का आटा काम आ सकता है। आटे में नमक, जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज और पानी डालकर पतला घोल तैयार करें। इसे गर्म नॉन-स्टिक या लोहे के तवे पर फैलाकर हल्का तेल डालें और कुरकुरा होने तक पकाएं।

पोहा का इंस्टेंट डोसा

बचे हुए पोहे या घर में मौजूद पोहे से भी स्वादिष्ट डोसा बनाया जा सकता है। पोहे को कुछ मिनट पानी में भिगोकर सूजी या चावल के आटे के साथ पीस लें। इसमें दही, नमक और जरूरत के मुताबिक पानी डालकर बैटर तैयार करें। तवे पर इसे फैलाकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें। यह डोसा हल्का होने के साथ बच्चों को भी काफी पसंद आ सकता है। इन इंस्टेंट डोसे की खासियत यह है कि इन्हें बनाने के लिए पारंपरिक डोसे की तरह लंबी तैयारी की जरूरत नहीं होती। बैटर तैयार करें, तवा गर्म करें और कुछ ही मिनट में नाश्ता टेबल पर तैयार। स्वाद बढ़ाने के लिए इन्हें नारियल चटनी, हरी चटनी, सांभर या दही के साथ परोसा जा सकता है।