Lifestyle Desk- गर्मियों के मौसम में खीरा लगभग हर घर की जरूरत बन जाता है. सलाद से लेकर रायता और डिटॉक्स ड्रिंक तक, खीरे का इस्तेमाल कई तरीकों से किया जाता है. इसकी ठंडी तासीर और पानी से भरपूर गुण शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं. लेकिन अक्सर लोग बाजार से खीरा खरीदते ही उसे सीधे फ्रिज में रख देते हैं. देखने में यह तरीका सही लग सकता है, लेकिन असल में यही आदत खीरे को जल्दी खराब कर सकती है.

खीरा बहुत ज्यादा ठंडे तापमान को सहन नहीं कर पाता. अगर इसे लंबे समय तक फ्रिज में रखा जाए, खासकर बहुत कम तापमान पर, तो इसकी बाहरी त्वचा पर पानी जमने लगता है. इससे खीरा अंदर से नरम, बेजान और सिकुड़ा हुआ हो जाता है. कई बार इसके स्वाद पर भी असर पड़ता है और यह जल्दी गलने लगता है. आइए जानते हैं खीरे को स्टोर करने का सही तरीका.
इस तरह से करें स्टोर
अगर आप चाहते हैं कि खीरा लंबे समय तक ताजा और कुरकुरा बना रहे, तो उसे सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है. सबसे पहले, बाजार से लाने के बाद खीरे को तुरंत धोकर फ्रिज में न रखें. खीरे पर मौजूद अतिरिक्त नमी उसे जल्दी खराब कर सकती है. बेहतर होगा कि आप उसे सूखे कपड़े या टिश्यू से अच्छी तरह पोंछ लें.
इसके बाद खीरे को किसी पेपर टॉवल या सूखे कपड़े में लपेटकर रखें. ऐसा करने से अतिरिक्त नमी नियंत्रित रहती है और खीरा जल्दी सड़ता नहीं. फिर इसे एयरटाइट कंटेनर या हल्के खुले प्लास्टिक बैग में रख सकते हैं.
फ्रिज में कहां रखें खीरा?
खीरे को फ्रिज के सबसे ठंडे हिस्से में रखने की गलती न करें। इसे हमेशा वेजिटेबल ड्रॉअर में रखना बेहतर माना जाता है, जहां तापमान सामान्य रहता है. बहुत ज्यादा ठंड खीरे की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकती है, जिससे उसका टेक्सचर खराब होने लगता है. अगर घर का तापमान बहुत ज्यादा गर्म नहीं है, तो खीरे को 1-2 दिन तक कमरे के तापमान पर भी रखा जा सकता है. इससे उसका प्राकृतिक स्वाद और कुरकुरापन बना रहता है.
किन चीजों से दूर रखें?
खीरे को केले, टमाटर और सेब जैसे फलों के पास नहीं रखना चाहिए. ये फल एथिलीन गैस छोड़ते हैं, जिससे खीरा तेजी से पकने और खराब होने लगता है.
कटे हुए खीरे को कैसे रखें फ्रेश?
अगर खीरा कट चुका है, तो उसके खुले हिस्से को प्लास्टिक रैप से अच्छी तरह कवर करें. इसके बाद एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. कटे हुए खीरे को 1-2 दिन के भीतर इस्तेमाल कर लेना चाहिए.
छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर आप खीरे को लंबे समय तक ताजा, रसदार और क्रंची बनाए रख सकते हैं. सही स्टोरेज न केवल सब्जियों को खराब होने से बचाता है, बल्कि पैसे और खाने की बर्बादी भी कम करता है.

