बलवंत भट्ट, मंदसौर। बुधवार रात एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर होटल में ही पति और उसकी प्रेमिका की धुनाई कर दी। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शामगढ़ निवासी जुल्फिकार अली, जो पेशे से एक डॉक्टर हैं और निजी क्लीनिक चलाते हैं, बुधवार को मंदसौर आए थे। वे मंदसौर के पास मुलतानपुरा की रहने वाली अपनी प्रेमिका के साथ एक होटल में रुके थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को प्रेमिका का जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए डॉक्टर ने होटल में कमरा बुक किया था।
होटल में मचा हड़कंप
डॉक्टर की गतिविधियों पर शक होने के कारण उनकी पत्नी, अपने भाई और भाभी के साथ रात करीब 11 बजे होटल पहुँच गई। जैसे ही कमरे का दरवाजा खुला, पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी का धैर्य जवाब दे गया।
पत्नी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर पहले प्रेमिका के बाल पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। तो वहीं पत्नी का भाई जुल्फिकार अली के साथ झूमाझटकी करता नजर आया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी पति की प्रेमिका को पहली मंजिल से सीढ़ियों पर घसीटते हुए नीचे तक ले गई।
पुलिस की कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां से डॉक्टर और उसकी प्रेमिका को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार मेडिकल के बाद जब टीम वापस थाने पहुंची, तब तक डॉक्टर के ससुराल वाले वहां से जा चुके थे। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई करने के बाद जुल्फिकार अली और उसकी प्रेमिका को छोड़ दिया है। फिलहाल इस मामले की चर्चा पूरे जिले में है।

