इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो दिल दहला देने वाली है। यहां शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार में खूनी खेल हो गया। घटना चंदौरा चौकी क्षेत्र के लोढ़ापुरवा की है, जहां शुक्रवार की रात शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बात जान लेने तक पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि रमाशंकर कुशवाहा की शराब की लत से परेशान होकर उसकी पत्नी रामसखी ने उसे डराने के लिए देशी कट्टा उठा लिया। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही मां ने हथियार उठाया, उसे रोकने के लिए 9 साल की मासूम बेटी रश्मि दौड़ी। इस छीना-झपटी में अचानक गोली चल गई, जिसके छर्रे मां और मासूम बेटी दोनों को जा लगे।
फिलहाल, दोनों जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि नशे का आवेश किस कदर अपनों का ही खून बहाने पर उतारू कर देता है।

