न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। जिले के थाना राजेंद्रग्राम क्षेत्र के ग्राम बेंदी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान पति ने अपनी ही 4 साल की बेटी की गला काटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शव पंचनामा तैयार करने के साथ ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पहले बेटा-बेटी को लेकर जा चुकी थी मां

घटना  के संबंध में पुलिस ने बताया कि ग्राम बेंदी निवासी अमरवती मरावी ने पुलिस को बताया कि उसका पति गोवर्धन सिंह मरावी अक्सर शराब के नशे में उससे झगड़ा और मारपीट करता था। इसी कारण वह आठ दिन पहले अपनी 4 साल की बेटी प्रीति मरावी और 1 वर्षीय बेटे के साथ मायके ग्राम केशवानी अपने मायके चली गई थी।

बच्ची को जबरन ले आया पति

गोवर्धन सिंह मायके पहुंचा और पत्नी को वापस ससुराल चलने के लिए कहा। पत्नी ने उसके शराब छोड़ने तक साथ न जाने की बात कही। इसके बाद गोवर्धन अपनी बेटी प्रीति को जबरन अपने साथ ग्राम बेंदी ले गया।

पत्नी को दी बेटी को मारने की धमकी

महिला ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे उसकी बहन के मोबाइल पर गोवर्धन का फोन आया। जिसने धमकी देते हुए कहा कि यदि वह घर नहीं आई तो उसकी बेटी प्रीति को मार देगा। इसके बाद महिला अपने माता-पिता के साथ तत्काल ससुराल पहुंची। घर पहुंचने पर गोवर्धन वहां नहीं मिला। परिजनों के द्वारा 4 वर्षीय पुत्री की तलाश करने पर घर के भीतर  शव खून से लथपथ और गला कटा हुआ मिला। बच्ची की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस पूरे मामले मे पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि अपराध दर्ज करते हुए मामले की जांच की जा रही है।

मारपीट से परेशान हो चुकी थी पत्नी

आरोपी शराबी किस्म का था जो आए दिन शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था जिसके कारण उसकी पत्नी मायके चली गई थी और इस पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने पहले फोन पर ऐसा करने की धमकी उसे दी और बाद में घटना को अंजाम दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m