० राजस्थान के सिरोही में सनसनीखेज वारदात, पुलिस की तकनीकी जांच ने खोली आरोपी पति की पोल
सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बरलूट थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए उस पति को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर उसे हार्ट अटैक से हुई प्राकृतिक मौत बताकर पुलिस व परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच और पूछताछ के आगे आरोपी की साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
भाई के शक से खुला हत्या का राज
सिरोही के पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रेसवार्ता में बताया कि 11 जुलाई को मृतका पूनम कंवर के भाई भारत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर लंबे समय से ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था और उसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरलूट थाना पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया और जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुकेश चौधरी को सौंपी गई। वहीं मृतका के चचेरे भाई जबर सिंह ने भी पूनम की अचानक हुई मौत पर संदेह जताते हुए मर्ग दर्ज कराया था।
कोयंबटूर से लौटते वक्त रची खौफनाक साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी गजेंद्र सिंह राजपूत अपनी पत्नी पूनम कंवर के साथ तमिलनाडु के कोयंबटूर में रहता था। दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
9 जुलाई को दोनों कोयंबटूर से उदयपुर पहुंचे और वहां से अपने गांव जावाल के लिए रवाना हुए। पुलिस के मुताबिक रास्ते में गोगुंदा क्षेत्र के सुनसान स्थान पर गजेंद्र सिंह ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हार्ट अटैक की झूठी कहानी गढ़ी
हत्या के बाद आरोपी ने पूरी घटना को प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की। उसने रात करीब डेढ़ बजे परिजनों और पुलिस को फोन कर दावा किया कि रास्ते में पूनम की तबीयत अचानक बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हो गई।
लेकिन पुलिस को आरोपी के बयानों में लगातार विरोधाभास मिला। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और जांच में सच्चाई सामने आने के बाद गजेंद्र सिंह ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार
बरलूट थाना पुलिस ने आरोपी पति गजेंद्र सिंह राजपूत (36), निवासी जावाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

