संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के ग्राम कवठु में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। घर के बाहर खाट पर सो रही 13 वर्षीय बच्ची दीपिका (पिता जितेंद्र), कक्षा 7वीं की छात्रा, पर एक अज्ञात जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि देर रात दबे पांव आए जंगली जानवर ने बच्ची के मुंह और नाक को अपने जबड़े में जकड़ लिया और उसे घसीटने की कोशिश की। इस भयावह स्थिति में भी दीपिका ने अद्भुत साहस दिखाया। उसने खाट को मजबूती से पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर जानवर उसे छोड़कर भाग गया।
हमले में दीपिका के चेहरे, मुंह और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, बचाव के दौरान गांव के ही राहुल अल्प सिंह भिंडे भी घायल हो गए। दोनों को रात करीब 3 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां राहुल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दीपिका का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। एसडीओ दिनेश गौर और वनरक्षक ठाकुर सिंह डावर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने शासन की योजनाओं के तहत हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात में घर के बाहर सोने से घबरा रहे हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लगातार गश्त की जा रही है। साथ ही लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे रात में बाहर न सोएं और सतर्क रहें। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह जंगली जानवर कौन था और क्या क्षेत्र में अभी भी खतरा बना हुआ है। फिलहाल वन विभाग जानवर की पहचान और पकड़ के प्रयास में जुटा है।

