नोवामुंडी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत बड़ाजामदा सबविट स्थित टांकुरा गांव के पास मंगलवार देर रात एक जंगली हथिनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने खेत में हथिनी का शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना के करीब 8 घंटे बाद पहुंची वन विभाग की टीम
ग्रामीणों की सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में करीब आठ घंटे लग गए। इसके बाद विभाग की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ओडिशा वन विभाग की टीम ने भी की जांच
हथिनी की मौत की सूचना मिलने के बाद ओडिशा के नालदा सेक्शन से वन विभाग की पांच सदस्यीय टीम बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घटनास्थल पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई और बाद में वापस लौट गई। वहीं, नोवामुंडी वन विभाग की ओर से भी चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया था।फिलहाल हथिनी की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

