Business Desk – देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड मैनेजर SBI Funds Management के शेयर मंगलवार (21 जुलाई) को शेयर बाजार में डेब्यू करेंगे. लिस्टिंग से ठीक पहले कंपनी के आईपीओ को लेकर निवेशकों का उत्साह चरम पर है. ग्रे मार्केट में शेयर करीब 18% प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है. ऐसे में जिन निवेशकों को आईपीओ अलॉट हुआ है, उनकी नजर अब पहले दिन की लिस्टिंग पर टिकी है.

देश का पांचवां सबसे बड़ा IPO बना

9,813 करोड़ रुपए के इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. 14 से 16 जुलाई तक खुले इस इश्यू को कुल 41.66 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. सबसे ज्यादा दिलचस्पी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने दिखाई, जिनका हिस्सा 140.11 गुना सब्सक्राइब हुआ.

IPO की अहम बातें

इस आईपीओ का प्राइस बैंड 545 से 574 रुपए प्रति शेयर रखा गया था. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) था. इसके तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और अमुंडी इंडिया होल्डिंग (Amundi India Holding) ने मिलकर 20.37 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे हैं. चूंकि यह OFS है, इसलिए आईपीओ से मिलने वाली पूरी राशि प्रमोटर्स को जाएगी, कंपनी को इससे कोई नई पूंजी नहीं मिलेगी.

क्यों खास है SBI Funds Management?

1992 में स्थापित SBI Funds Management, देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड SBI Mutual Fund का निवेश प्रबंधन करती है. 2025 के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 16.32 लाख करोड़ रुपए है. भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में इसकी 15.5% हिस्सेदारी है, जिससे यह इस सेक्टर की मार्केट लीडर कंपनियों में शामिल है.

GMP क्या संकेत दे रहा है?

आईपीओ पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म इन्वेस्टरगेन और IPO Watch के मुताबिक, SBI Funds Management का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 103 रुपए प्रति शेयर चल रहा है. इस आधार पर 574 रुपए के अपर प्राइस बैंड के मुकाबले शेयर की संभावित लिस्टिंग करीब 677 रुपए पर हो सकती है. अगर ऐसा होता है, तो निवेशकों को पहले ही दिन करीब 18% का लिस्टिंग गेन मिल सकता है.

क्या GMP के बराबर ही होगी लिस्टिंग?

ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल बाजार की अनौपचारिक (Unofficial) धारणा को दर्शाता है. यह लिस्टिंग प्राइस की गारंटी नहीं होता. शेयर का वास्तविक भाव बाजार खुलने के बाद मांग, सप्लाई और निवेशकों की धारणा के आधार पर तय होगा.

कल रहेगी बाजार की नजर

मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों की नजर SBI Funds Management के शेयर पर रहेगी. अब देखना होगा कि कंपनी का शेयर GMP के अनुमान के आसपास लिस्ट होता है या उससे बेहतर प्रदर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाता है.