जीवन की श्रेष्ठ उपलब्धियों की ख़ासियत यह है कि वह तत्काल नहीं मिलतीं. वांछित उपलब्धियों के लिए समय, धैर्य और निरंतर प्रयास पहली आवश्यकता है. “The best things in life are worth waiting for” यानी जीवन की सबसे अच्छी चीजें प्रतीक्षा के योग्य होती हैं. धीमी आँच पर पकाया गया भोजन अधिक स्वादिष्ट और पौष्टिक होता है वैसे ही धीमी आँच पर पकती है बड़ी सफलता और धैर्य से अर्जित सफलता अधिक स्थायी और संतोषदायक होती है.
कोई भी बड़ी इमारत एक दिन में तैयार नहीं होता, धैर्य से ईंट पर ईंट रखकर ही भव्य इमारत तैयार होती है. “Rome was not built in a day…” बड़ी उपलब्धियाँ एक दिन में हासिल नहीं होतीं. वर्षों की शिक्षा, अनुभव और अभ्यास से ही डॉक्टर, वकील, शिक्षक, व्यवसायी या कलाकार अपने क्षेत्र में पहचान बना पाते हैं. “Good things come to those who wait…” एक सच्चाई है जो धैर्य रखते हैं, उन्हें अच्छे परिणाम मिलते हैं. पीढ़ियों से संभाला गया व्यवसाय समय के साथ मजबूत होता चला जाता है. इस भाव को बल देने वाली पंक्ति है Patience is a virtue अर्थात् धैर्य एक महान गुण है.

कभी सस्ती समझी गई ज़मीन भविष्य में क़ीमती संपत्ति बन सकती है और बैंक में धैर्यपूर्वक रखा धन समय के साथ बड़ा संबल बन सकता है. धैर्यं सर्वत्र साधूनां धैर्येणैव हि सिद्ध्यति. इस श्लोक का अर्थ है सज्जनों का आभूषण धैर्य है और धैर्य से ही कार्य सिद्ध होते हैं. समय को समय दीजिए परिणाम आपके मुताबिक़ होगा. प्रतीक्षा के बाद मिलने वाली सफलता ख़ास होती है.
इस प्रसिद्ध सुभाषित है – क्षणशः कणशश्चैव विद्यामर्थं च साधयेत् क्षणे नष्टे कुतो विद्या कणे नष्टे कुतो धनम्॥ जिसका अर्थ है क्षण-क्षण से विद्या और कण-कण से धन संचित होता है. प्रकृति भी हमें अलग -अलग आयाम से यही संदेश देती है. एक बीज को वृक्ष बनने में समय तो अवश्य लगाता है लेकिन एक बार वृक्ष बनने के बाद वही वृक्ष वर्षों तक छाया और फल देता है. देरी को असफलता समझने की भूल ना करें. धैर्य पूर्वक बिताया हुआ यही समय हमें उस उपलब्धि के योग्य बना देता है जिसकी हम प्रतीक्षा कर रहे होते हैं. जल्दबाजी अवसर तो दे सकती है लेकिन स्थायित्व नहीं.

संदीप अखिल
सलाहकार संपादक
न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

