० रांची के रातू बड़ा तालाब में आत्महत्या का प्रयास नाकाम, पति पर परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभाने का आरोप

रांची। राजधानी के रातू थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब में रविवार को एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते स्थानीय युवकों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। घटना के बाद पुलिस ने महिला को अपने संरक्षण में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवकों की समझदारी से बची महिला की जान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे महिला अचानक तालाब में कूद गई। आसपास मौजूद युवकों ने बिना देर किए पानी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

होश में आने के बाद महिला ने अपनी पहचान भारती कुमारी सिंह के रूप में बताई। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ रातू आमांड क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है, जबकि उसका पति प्रमोद सिंह रोजगार के सिलसिले में गुरुग्राम में रहता है।

मानसिक तनाव में उठाया आत्मघाती कदम
महिला का आरोप है कि पति लंबे समय से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां नहीं निभा रहा है। घर खर्च और बच्चों के पालन-पोषण के लिए पैसे नहीं मिलने से वह गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही थी। इसी मानसिक तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पारिवारिक परिस्थितियों के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।