कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खितौला थाना क्षेत्र की प्रज्ञा बिहार कॉलोनी में मूर्ति विसर्जन के दौरान सूने घर का फायदा उठाकर तीन अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाशों ने घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी महिला का मंगलसूत्र छीनने के साथ ही अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
रात 1 बजे ताला तोड़कर घुसे बदमाश
दरअसल यह घटना बीती रात की है। खितौला थाना अंतर्गत प्रज्ञा बिहार कॉलोनी निवासी आरती विश्वकर्मा के पति मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे, और घर पर आरती अकेली थीं। रात करीब 1 बजे तीन अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए।
बंधक बनाकर छीना मंगलसूत्र
घर के अंदर घुसकर बदमाशों ने पीड़ित आरती विश्वकर्मा को बंधक बना लिया और उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।अलमारी का लॉक तोड़कर नकदी और जेवर ले उड़े: इसके बाद बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे कीमती सोने-चांदी के जेवर व 50 हजार रुपये की नकदी समेटकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
घटना की जानकारी मिलते ही सुबह स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही खितौला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

