अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के महरादेउर गांव में आज गुरुवार बकरीद के दिन बच्चे के शौच करने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सुनील चौहान की पत्नी सुमन देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, पुलिस की लेट-लतीफी से नाराज ग्रामीणों ने भोरे-मीरगंज मुख्य पथ को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

मिली जानकारी के अनुसार, महरादेउर गांव में बच्चों के शौच करने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अतेश चौहान ने सुमन देवी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे भोरे रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए भाग रहे आरोपी अतेश चौहान को दबोच लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

बकरीद के दिन हुई वारदात

बकरीद के दिन हुई इस हिंसक वारदात को लेकर इलाके में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची और न ही शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई की। इसी बात से आक्रोशित होकर लोगों ने शव के साथ भोरे-मीरगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद

सड़क जाम और ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. स्थिति को संभालने के लिए भोरे चरमुहानी पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, बीडीओ दिनेश कुमार सिंह और विजयीपुर थानाध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

फिलहाल मौके पर भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल को तैनात किया गया है। अधिकारी उग्र लोगों को समझाने-बुझाने और जाम खत्म कराने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से गांव और आस-पास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: पुरानी रंजिश में छात्र का अपहरण कर बेरहमी से हत्या, दूर इलाके में शव मिलने से हड़कंप