Saharsa News: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। दरअसल मिली जानकारी के अनुसार बंधक बनाए गए दो युवकों को छुड़ाने पहुंची डायल-112 की टीम को गांव की महिलाओं ने घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदुपुर गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में जिसकी पिटाई होती दिख रही है, वे सिमरी बख्तियारपुर थाने में डायल-112 में तैनात एएसआई आशिफ अनवर खान बताए जा रहे हैं।
महिलाओं ने की एएसआई की पिटाई
जानकारी के मुताबिक 28 फरवरी को डायल-112 को सूचना मिली थी कि कहरा प्रखंड के सिरादे पट्टी निवासी भैरव कुमार और राहुल कुमार को हिंदुपुर गांव में कुछ लोगों ने घर में बंधक बना रखा है। सूचना मिलते ही एएसआई आशिफ अनवर खान अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि जब पुलिसकर्मी दोनों युवकों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने महिलाओं को उकसा दिया। इसके बाद महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने एएसआई को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। महिलाएं जिस हिसाब से पिटाई कर रही थीं, ऐसा लग रहा था की मानों उनके अंदर खाकी का कोई खौफ ही नहीं है।
पांच नामजद, 10 अज्ञात पर केस
घटना के बाद डायल-112 में तैनात एएसआई आशिफ अनवर खान के बयान पर सिमरी बख्तियारपुर थाने में पांच नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
घर में घुसकर फोटो खींचने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक किसी घर में घुसकर फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान गांव के लोगों ने उन्हें देख लिया और उसे पकड़कर एक घर में बंद कर दिया। बाद में किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच किसी युवक ने पुलिसकर्मियों की पिटाई का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

