देहरादून में महानगर महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और घरेलू खर्च पर बढ़ते दबाव के विरोध में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने प्याज और चीनी की माला पहनकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई पर नियंत्रण की मांग की.

देहरादून. बढ़ती महंगाई के खिलाफ महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन एश्ले हॉल चौक पर हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया.

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की कुछ कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज की माला पहनी, जबकि कुछ महिलाओं ने चीनी की पुड़िया से तैयार माला पहनकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की.

घरेलू बजट पर असर

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ रही कीमतों से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और उन पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा.

महिला कांग्रेस ने महंगाई को नियंत्रित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की. कांग्रेस नेत्री उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी की कीमत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इसके बढ़ते दामों पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है.

खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने का आरोप

उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी के अलावा सब्जियों, दालों और खाद्य तेल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है. उनके मुताबिक, महंगाई की वजह से आम आदमी के लिए गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है और कोई भी चीज सस्ती दर पर उपलब्ध नहीं हो रही है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान किसी वस्तु की कीमत एक या दो रुपये बढ़ने पर भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर बैठ जाते थे. उन्होंने आरोप लगाया कि अब खाने-पीने की चीजों में 30 से 40 रुपये तक की वृद्धि की जा रही है, जिससे आम आदमी का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है.