मनोज यादव, कोरबा। कोरबा जिले में रामपुर स्थित शराब दुकान को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर शिफ्ट कर नई दुकान शुरू करने की तैयारी को लेकर शुक्रवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। निरीक्षण के लिए पहुंची आबकारी विभाग की टीम को महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गईं और दुकान खोले जाने का विरोध करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

महिलाओं के विरोध प्रदर्शन में पहुंचे पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग रामपुर स्थित शराब भट्टी को बरबसपुर मुख्य मार्ग पर स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा था। इसी सिलसिले में विभागीय टीम निरीक्षण के लिए पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही आसपास की महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्रित हो गईं और शराब दुकान खोले जाने के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दी। वहीं महिलाओं के समर्थन में पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर भी मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
पुलिस और प्रशासन पहुंचा मौके पर
विरोध की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही आंदोलन की जानकारी जिला प्रशासन को दी गई, जिसके बाद तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि रामपुर शराब भट्टी को हटाने को लेकर लंबे समय से विरोध चल रहा है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए जा चुके हैं। क्षेत्र में शराब दुकान से जुड़ी मारपीट और विवाद की घटनाएं भी कई बार सामने आ चुकी हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


