Women’s Asia Cup 2026 Schedule: एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने महिला एशिया कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट की शुरुआत 28 अगस्त से होगी, जबकि खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की नजरें एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर रहेंगी। दोनों टीमें 5 सितंबर को आमने-सामने होंगी।
महिला एशिया कप का यह टी20 फॉर्मेट में खेला जाने वाला छठा संस्करण होगा। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम को ग्रुप-ए में जगह मिली है, जहां उसका सामना पाकिस्तान के अलावा थाईलैंड, हांगकांग और चीन से होगा। वहीं ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और इंडोनेशिया की टीमें शामिल हैं।
थाईलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करेगा भारत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम इंडिया ग्रुप चरण में अन्य टीमों से भिड़ेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैचों में से एक माना जा रहा है, जिसका इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं।

दुबई में खेले जाएंगे सभी मुकाबले
महिला एशिया कप 2026 के सभी मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले रोशनी के बीच आयोजित होंगे और स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होंगे। इस बार कुल 15 मैच खेले जाएंगे और सभी मुकाबलों के लिए एक ही मैदान को चुना गया है।
ऐसे होगा टूर्नामेंट का प्रारूप
ग्रुप स्टेज में हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर और दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें 13 सितंबर को फाइनल मुकाबले में खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका पर रहेंगी नजरें
मौजूदा चैंपियन श्रीलंका इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। श्रीलंका ने 2024 महिला एशिया कप के फाइनल में भारत को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। डिफेंडिंग चैंपियन टीम अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को बांग्लादेश के खिलाफ करेगी।
महिला एशिया कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2026 में टीम इंडिया अपना दबदबा कायम रख पाती है या कोई दूसरी टीम खिताब पर कब्जा जमाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


