IND W vs SA W Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहम मुकाबला खेला जा रहा है। मैनचेस्टर के प्रतिष्ठित एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर जारी इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

टॉस के दौरान हरमनप्रीत कौर ने टीम में दो महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा मिस्ट्री स्पिनर प्रेमा रावत को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका दिया गया है। प्रेमा को श्रेयंका पाटिल की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। श्रेयंका पिछले मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ खेलते समय चोटिल हो गई थीं, जिसके कारण वह इस मैच का हिस्सा नहीं हैं।
वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी की भी टीम में वापसी हुई है, जिससे भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सेमीफाइनल की दावेदारी और मजबूत करना चाहेगी टीम इंडिया
सेमीफाइनल की रेस को देखते हुए यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय टीम लगातार दो जीत के साथ आत्मविश्वास से भरी हुई है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल की ओर अपनी दावेदारी और मजबूत करना चाहेगी। जबकि साउथ अफ्रीका के लिए यह मुकाबला टूर्नामेंट में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है।

वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम को अपने पिछले मुकाबलों में मिली-जुली सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलिया से हार झेलने के बाद टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में जीत दर्ज की थी। अब उनके लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?
टी-20 फॉर्मेट में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती रही है। अब तक खेले गए 24 टी-20 मुकाबलों में भारत ने 11 और साउथ अफ्रीका ने 10 मैच जीते हैं, जबकि 3 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
गौरतलब है कि आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में यह पहला मौका है जब भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरी हैं। हालांकि, दोनों टीमों के बीच पिछली यादगार टक्कर महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में देखने को मिली थी, जहां 2 नवंबर को भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात देकर इतिहास रचते हुए अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था।
मैनचेस्टर की पिच रिपोर्ट

मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए शुरुआती ओवरों में मददगार मानी जाती है। ठंडे मौसम और स्विंग कंडीशंस के कारण नई गेंद से गेंदबाजों को मूवमेंट मिलेगा। हालांकि जैसे-जैसे बल्लेबाज सेट होते हैं, यह पिच रन बनाने के लिए बेहतरीन हो जाती है। तेज उछाल और अच्छा कैरी इस मैदान की खासियत है, जिससे शॉट खेलना आसान हो जाता है।
भारत और साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग 11
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11
लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसन, डेन वैन नीकेर्क, मारिज़ैन कप्प, नादिन डी क्लार्क, क्लो ट्रायॉन (विकेटकीपर), सिनालो जाफ्ता, शबनीम इस्माइल, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा
यहां देख सकेंगे लाइव मैच

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम के आगामी मैच
25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर
28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

