World Championship of Legends 2026: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले मुकाबले में भारत चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 46 रन से शिकस्त दी। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित ओवरों में 150 रन ही बना सकी।

युवराज ने संभाली पारी, भारत ने बनाया बड़ा स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत चैंपियंस की पारी को युवराज सिंह ने मजबूती दी। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए 44 गेंदों में 71 रन की शानदार पारी खेली। युवराज के अलावा युसूफ पठान ने 37 रन, ऋषि धवन ने 35 रन और नमन ओझा ने 31 रन का योगदान दिया। वहीं, स्टुअर्ट बिन्नी 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इन पारियों की बदौलत भारत चैंपियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। शारजाह की परिस्थितियों में यह एक मजबूत स्कोर साबित हुआ।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया

197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने लगातार दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से डी आर्की शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 65 रन की पारी खेली। उनके अलावा जो बर्न्स ने 45 और जोनाथन वेल्स ने 11 रन बनाए। इन तीनों को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। पूरी टीम 20 ओवर में 150 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही भारत चैंपियंस ने मुकाबला 46 रन से अपने नाम कर लिया।

धवल कुलकर्णी ने झटके 4 विकेट

भारत की ओर से गेंदबाजी में धवल कुलकर्णी सबसे सफल रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा मोहित शर्मा ने 3, पीयूष चावला ने 2 और हरभजन सिंह ने 1 विकेट झटककर ऑस्ट्रेलिया की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

जीत के साथ अभियान की शुरुआत

WCL 2026 में भारत चैंपियंस ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। टूर्नामेंट का यह पहला मुकाबला था और भारत की टीम ने बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी, दोनों विभागों में प्रभावी प्रदर्शन किया। भारत की ओर से युवराज सिंह की 71 रन की पारी जीत का सबसे बड़ा आधार बनी।

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 का आयोजन 3 से 18 अक्टूबर तक यूएई में हो रहा है। टूर्नामेंट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की चैंपियंस टीमें हिस्सा ले रही हैं।

भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों टीमों का पूरा स्क्वाड

इंडिया चैंपियंस स्क्वॉड:

युवराज सिंह (कप्तान), हरभजन सिंह, स्टुअर्ट बिन्नी, रॉबिन उथप्पा (विकेटकीपर), युसूफ पठान, इरफान पठान, पीयूष चावला, अंबाती रायडू, पवन नेगी, मोहित शर्मा, धवल कुलकर्णी, ऋषि धवन, अनुरीत सिंह, वरुण आरोन, अभिमन्यु मिथुन और राहुल शर्मा।

ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस स्क्वॉड:

डेविड वार्नर (कप्तान), रौब क्वीनी, जो बर्न्स, जेम्स पेटिंसन, कैलम फर्ग्युसन, बेन लाफलिन, नाथन रियरडन, केन रिचर्डसन, उस्मान ख्वाजा, क्रिस लिन, बेन डंक (विकेटकीपर), नाथन कल्टर-नील, माइकल बीयर, जोनाथन वेल्स, फवाद अहमद, एंड्र्यू टाई और डी आर्की शॉर्ट।

इंग्लैंड से होगा भारत चैंपियंस का अगला मुकाबला

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में भारत चैंपियंस का अगला मुकाबला इंग्लैंड चैंपियंस से होगा। दोनों टीमों के बीच टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला 4 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H