रायपुर. पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग, शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग के निर्देशानुसार 20 मई से 5 जून 2026 तक विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मौखिक स्वच्छता को प्रोत्साहित करना रहा. इस वर्ष की थीम “अनमास्किंग द अपील: निकोटीन एवं तंबाकू की लत के विरुद्ध संघर्ष” रखी गई थी.

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता और रील प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने तरीके से तंबाकू निषेध का संदेश दिया. इस अवसर पर दंत चिकित्सकों द्वारा लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया.

इसके पश्चात शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर परिसर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. छात्रों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से तंबाकू एवं निकोटीन उत्पादों से जुड़ी सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को प्रस्तुत किया. नुक्कड़ नाटक के बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम के तहत 5 जून तक विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा. इन शिविरों का उद्देश्य तंबाकू उपयोगकर्ताओं को परामर्श और आवश्यक सहायता प्रदान करना है. सभी गतिविधियों का लक्ष्य तंबाकू और निकोटीन उत्पादों की वास्तविकता को उजागर करना, इनके प्रति फैले भ्रम को दूर करना. साथ ही विशेष रूप से युवाओं को जागरूक और सुरक्षित बनाना है.
इस आयोजन की सफलता में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र वाढेर के मार्गदर्शन में सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मिलिंद वासनीक, डॉ. सोपान सिंह, डॉ. रामकृष्ण चेव्वुरी, डॉ. अभिनव पारख, डॉ. मनीष राठौड़ सहित पीजी छात्र-छात्राओं डॉ. पूनम नारंग, डॉ. आरुही सिन्हा, डॉ. नेहा रानी, डॉ. रिया गर्ग, डॉ. रश्मि राठौर, डॉ. जी. नव्या, डॉ. सोनिया धनखड़, डॉ. गार्गी दीक्षित और डॉ. जागृति पाणिग्राही का महत्वपूर्ण योगदान रहा. इसके अलावा जीडीसी रायपुर के इंटर्न्स, प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के छात्रों और कर्मचारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई.

