MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आतिथ्य में विश्व सिकल सेल दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल होंगे। रोग के उन्मूलन के लिए एमपी लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। जनजातीय बहुल क्षेत्रों में स्क्रीनिंग अभियान चलाकर अब तक 1 करोड़ 32 लाख 43 हजार 877 से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच की जा चुकी हैं। इनमें 39 हजार 948 रोगियों और 2 लाख 42 हजार 648 कैरियर की पहचान की गई। 1 करोड़ 20 लाख 28 हजार 881 से अधिक सिकल सेल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। 3,700 सिकल मित्रों को समुदाय आधारित जागरूकता-सहयोग के लिए प्रशिक्षित किया गया है। रोगियों की निगरानी लगातार हो रही है।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज शुक्रवार को खंडवा, इंदौर और उज्जैन दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 8.10 बजे भोपाल से खंडवा के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति के साथ विश्व सिकल सेल दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11:45 बजे खंडवा से इंदौर के लिए रवाना होंगे। इंदौर में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। सीएम डॉ मोहन बॉम्बे हॉस्पिटल तुलसी नगर में रोड का भूमिपूजन करेंगे। दोपहर 2:15 बजे राजीव गांधी चौराहे पर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4:10 बजे इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। वहीं शाम 5:30 बजे कलेक्ट्रेट ऑफिस में समीक्षा बैठक करेंगे।

आज से शुरू होंगे शिक्षकों के तबादले

एमपी में आज से शिक्षकों के तबादले शुरू होंगे। इसके लिए शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। जनगणना में लगे शिक्षकों का फिलहाल ट्रांसफर नहीं होगा। शॉर्ट अटेंडेंस वाले शिक्षक भी आवेदन नहीं कर पाएंगे। 90 फीसदी अटेंडेंस वाले ही शिक्षक ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। 19 से 23 जून तक स्वैच्छिक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आपको बता दें कि प्रदेश में नियमित शिक्षकों की संख्या करीब 1.75 लाख है।

एमपी में बनेगी गिफ्ट सिटी

गुजरात की तर्ज पर मध्य प्रदेश में गिफ्ट सिटी बनेगी। एमपी में आईटी सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं है। मप्र में टेक सेक्टर में 12,500 करोड़ का निवेश आया है। इस सेक्टर से 50 हजार नए रोजगार पैदा होंगे। दरअसल, सीएम डॉ. मोहन यादव ने विज्ञान-प्रौद्योगिकी की समीक्षा बैठक की। जिसमें गुजरात की तर्ज पर भोपाल में गिफ्ट सिटी बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं उज्जैन में डीपटेक रिसर्च पार्क की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m