WPL 2026 Final RCB vs DC: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का चौथा सीजन अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आमने-सामने हैं। यह बहुप्रतीक्षित खिताबी मुकाबला वडोदरा के बीसीए स्टेडियम, कोटाम्बी में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

आरसीबी जहां दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरी है, वहीं दिल्ली कैपिटल्स पहली बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ खेल रही है। फाइनल से पहले दोनों टीमों में आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा है। दोनों टीमों के बीच इस खिताबी मुकाबले की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी, लेकिन उससे पहले दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड्स, लाइव स्ट्रीमिंग, बीसीए स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और दोनों टीमों की प्लेइंग 11 पर एक नज़र डालते हैं।
कैसा रहा दोनों टीमों का फाइनल तक का सफर ?

आरसीबी ने इस सीजन लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और सीधे फाइनल में प्रवेश किया। स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम ने संतुलित खेल दिखाया, जिसका फायदा उन्हें मिला।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स का सफर थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रहा। टीम ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। इसके साथ ही दिल्ली बिना खिताब जीते सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाली टीम बन गई है। जेमिमा रोड्रिग्स की अगुआई वाली दिल्ली इस बार इतिहास बदलने के इरादे से उतरी है।
हेड टू हेड में दिल्ली आगे

आरसीबी महिला टीम और दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम के बीच अब तक कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दिल्ली कैपिटल्स ने 6 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि आरसीबी को 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक न तो कोई मैच टाई रहा है और न ही कोई मुकाबला बिना नतीजे के समाप्त हुआ है।
बीसीए स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

वर्तमान WPL सीजन में वडोदरा का बीसीए स्टेडियम चेज करने वाली टीमों के लिए अनुकूल साबित हुआ है। यहां खेले गए पिछले चार मैचों में से तीन में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है। पिच बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जा रही है, हालांकि मैच के दौरान स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम रह सकती है।
मोबाइल पर फ्री में कैसे देखें लाइव फाइनल मुकाबला?
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मैच भारत में जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इस मुकाबले को मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर देख सकते हैं।
अगर आप जियो सिम का उपयोग करते हैं, तो कुछ चुनिंदा रिचार्ज प्लान के साथ जियोहॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन मुफ्त में मिलता है। ऐसे में आप बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के फाइनल मुकाबले का लाइव आनंद ले सकते हैं। वहीं, जियो का लगभग 500 रुपये वाला मासिक रिचार्ज प्लान करने पर आपको कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के साथ जियोहॉटस्टार का एक्सेस भी मिल जाता है। अन्य रिचार्ज प्लान्स में मैच देखने के लिए अलग से सब्सक्रिप्शन लेना पड़ सकता है।
फाइनल मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स (DC):
लिजेल ली (विकेटकीपर), शैफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिज़ैन कप्प, चिनेले हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB):
ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल
अब देखना दिलचस्प होगा कि अनुभव और आत्मविश्वास से भरी आरसीबी एक बार फिर चैंपियन बनती है या दिल्ली कैपिटल्स इतिहास रचते हुए पहली बार WPL ट्रॉफी उठाने में सफल होती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


