Rajasthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कल्याणपुरा रोड पर स्थित पीलिया खाल की पुलिया के पास एक अनियंत्रित बाइक सीधे नीचे जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

सुबह ग्रामीणों ने देखा खौफनाक मंजर
दरअसल, यह हादसा रात के अंधेरे में हुआ, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। शनिवार सुबह जब सुरेंद्र सिंह कल्याणपुरा और अन्य ग्रामीण वहां से गुजरे, तो उन्होंने पुलिया के नीचे बाइक और दो युवकों को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सीआई रामपाल यादव और हेमराज जाट दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
MP के रहने वाले थे दोनों युवक
पुलिस ने बताया कि घायल ईश्वर बागरी (30) और मृतक बालूलाल बागरी दोनों मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। सूत्रों के अनुसार, दोनों रिश्ते में साढ़ू भाई थे और भवानीमंडी से अपने गांव लौट रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों ने शराब पी रखी थी, जिससे मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया।
PWD की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण
गौरतलब है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां पुलिया पर कोई सुरक्षा दीवार (Retaining Wall) नहीं बनी है। समाजसेवी सुरेंद्र सिंह और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन मोड़ पर दीवार नहीं बनाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर वहां रेलिंग या दीवार होती, तो शायद बाइक नीचे नहीं गिरती और बालूलाल की जान बच जाती।
अस्पताल में पसरा सन्नाटा
पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को पिड़ावा के उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बालूलाल को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, घायल ईश्वर का इलाज जारी है, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पढ़ें ये खबरें
- बाथरूम में नहाती लड़कियों का चोरी छिपे बनाया वीडियो, दो आरोपी गिरफ्तार
- नवरात्रि ड्यूटी के बाद राजनांदगांव पुलिस ने मां बम्लेश्वरी के दरबार में की आरती, पुलिस बैंड ने दी शानदार प्रस्तुति
- दिल्ली में 2000 से ज्यादा इमारतों को नोटिस: Delhi MCD का एक्शन, 1500 से अधिक पर चला चाबुक
- 5 हजार की रसीद, 15 हजार तक वसूली का आरोप; VLTD पर खाचरियावास ने किससे मांगा हिसाब?
- साथ जीने की कसमें खाईं, साथ ही दुनिया को कहा अलविदा, आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल, इलाके में सनसनी
