WPL Auction Live Streaming: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पांचवें सीजन से पहले आज खिलाड़ियों की नीलामी होगी। कोच्चि में होने वाले इस मिनी ऑक्शन में 146 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर रहेगी, जबकि पांचों टीमों के पास कुल 27 स्लॉट खाली हैं। ऐसे में कई खिलाड़ियों को नया कॉन्ट्रैक्ट मिल सकता है, जबकि कुछ को निराशा हाथ लगेगी। यूपी वॉरियर्स सबसे बड़े पर्स के साथ नीलामी में उतरेगी।

नीलामी में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया की सोफी मॉलिन्यू और इंग्लैंड की सोफिया डंकली का बेस प्राइस सबसे ज्यादा 50 लाख रुपये है। वहीं, जेस जोनासन, हीथर ग्राहम, जी कमलिनी और किरण नवगिरे ने 40 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले ब्रैकेट में अपना नाम दर्ज कराया है। कुल 106 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 10 लाख रुपये है।

146 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर

WPL 2027 की नीलामी से पहले पांचों टीमों ने कुल 63 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। गुजरात जायंट्स ने 15 खिलाड़ियों को अपनी टीम में बरकरार रखा। दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस ने 13-13 खिलाड़ियों को रिटेन किया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्स ने 11-11 खिलाड़ियों को अपनी टीम में बनाए रखा।

अब ऑक्शन में कुल 27 स्लॉट भरे जाने हैं। इनमें 20 भारतीय और सात विदेशी खिलाड़ियों के लिए जगह है। यानी 146 खिलाड़ियों में से अधिकतम 27 को ही इस नीलामी में खरीदा जा सकता है।

यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा पैसा

नीलामी से पहले टीमों के पास बची रकम इस प्रकार है:

3.75 करोड़ रुपये – यूपी वॉरियर्स

1.25 करोड़ रुपये – गुजरात जायंट्स

1.15 करोड़ रुपये – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

1.10 करोड़ रुपये – दिल्ली कैपिटल्स

90 लाख रुपये – मुंबई इंडियंस

यूपी वॉरियर्स के पास सबसे बड़ा पर्स है और उसे आठ स्लॉट भरने हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 90 लाख रुपये बचे हैं। टीम को छह स्लॉट भरने हैं, लेकिन उसके पास विदेशी खिलाड़ी के लिए कोई स्लॉट खाली नहीं है।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

ऑक्शन में सबसे ज्यादा बेस प्राइस वाली खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया की सोफी मॉलिन्यू और इंग्लैंड की सोफिया डंकली शामिल हैं। दोनों का बेस प्राइस 50 लाख रुपये है।

इसके अलावा जेस जोनासन, हीथर ग्राहम, जी कमलिनी और किरण नवगिरे का बेस प्राइस 40 लाख रुपये है। सीमित स्लॉट और टीमों के अलग-अलग बजट के कारण नीलामी में खिलाड़ियों को खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी को अपनी रणनीति के हिसाब से बोली लगानी होगी।

WPL 2027 Auction: कब, कहां और कैसे देखें लाइव?

WPL 2027 का ऑक्शन आज कोच्चि के ग्रैंड हयात में आयोजित होगा। नीलामी भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से शुरू होगी। दर्शक इसका लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टीवी और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर देख सकेंगे।

WPL 2027 का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक होना है। इससे पहले आज की नीलामी में पांचों टीमें अपने स्क्वॉड को अंतिम रूप देने की कोशिश करेंगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H