मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम अपनी आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेत्री अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने राम की पैड़ी और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान यामी पीली साड़ी में पारंपरिक अंदाज में नजर आईं। उनका ट्रेडिशनल लुक सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

‘नई नवेली’ में अलग अंदाज में नजर आएंगी यामी

यामी गौतम इस फिल्म में एक अलग तरह के किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। ‘नई नवेली’ को भारतीय फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर बताया जा रहा है, जिसमें पारिवारिक मनोरंजन के साथ ह्यूमर, एक्शन और फैंटेसी का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यामी के नए अवतार ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।

16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म

‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में यामी गौतम के साथ अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

‘विक्की डोनर’ से मिली थी यामी को पहचान

यामी गौतम ने साल 2010 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें बड़ी पहचान फिल्म ‘विक्की डोनर’ से मिली। इसके बाद उन्होंने ‘काबिल’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘ओएमजी 2’, ‘आर्टिकल 370’, ‘धूम धाम’ और ‘हक’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘आर्टिकल 370’ में उनके अभिनय को सराहना मिली और इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। अब ‘नई नवेली’ के जरिए यामी एक बार फिर दर्शकों के सामने नई कहानी और नए किरदार के साथ आने के लिए तैयार हैं।