मुंबई। एक्ट्रेस यामी गौतम की आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म में कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए, जिसके बाद इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की अवधि 2 घंटे 18 मिनट है।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म में क्या बदलाव करवाए?
जानकारी के मुताबिक, सेंसर बोर्ड की एग्जामिनिंग कमिटी ने फिल्म के शुरुआती डिस्क्लेमर में संशोधन करने को कहा। इसमें स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए कि फिल्म की कहानी पूरी तरह काल्पनिक है और इसके निर्माण में संबंधित नियमों का पालन किया गया है।
इसके अलावा फिल्म के क्लाइमैक्स के एक दृश्य में बदलाव किया गया और बैकग्राउंड म्यूजिक में भी संशोधन कराया गया। बोर्ड ने यामी गौतम के एक संवाद पर भी आपत्ति जताते हुए उसमें बदलाव करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित संवाद की कुल 57 सेकेंड की सामग्री में संशोधन किया गया।
मसाला खाने वाले दृश्यों और नशीले पदार्थों पर भी निर्देश
फिल्म में मसाला खाने से जुड़े दृश्यों के दौरान विजुअल में स्टैटिक टच देने को कहा गया, जिससे संबंधित दृश्य कुछ धुंधले दिखाई दें। इसके साथ ही फिल्म में नशीले पदार्थों के खिलाफ डिस्क्लेमर जोड़ने का निर्देश भी दिया गया।

इन बदलावों के बाद फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया और इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया। मेकर्स ने 12 अक्टूबर को फिल्म को प्रमाणन के लिए प्रस्तुत किया था।
2 घंटे 18 मिनट की है ‘नई नवेली’
यामी गौतम की इस फिल्म का रनटाइम 138 मिनट यानी 2 घंटे 18 मिनट है। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की बात कही जा रही है। अब फिल्म की रिलीज के बाद यह देखना होगा कि दर्शक इसकी कहानी और हॉरर-कॉमेडी अंदाज को कितना पसंद करते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर दूसरी फिल्मों से होगा मुकाबला
‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इसी दिन राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार’ भी रिलीज होने वाली है। वहीं, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर इन तीनों फिल्मों का क्लैश होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

