कृष्ण कुमार सैनी,चंडीगढ़। चंडीगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है जहां नायब सिंह सैनी ने यमुना को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सख्त रोडमैप पेश किया है। हरियाणा सिविल सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकार का लक्ष्य 2027 के अंत तक यमुना नदी में एक भी बूंद गंदा पानी न जाने देना है। इसके लिए सभी विभागों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
11 नए एसटीपी भी निर्माणाधीन
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल यमुना कैचमेंट एरिया में 1543 एमएलडी क्षमता के 91 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) काम कर रहे हैं, जिनमें से 41 एसटीपी पिछले पांच वर्षों में तैयार किए गए हैं। साथ ही 11 नए एसटीपी भी निर्माणाधीन हैं, जिससे पानी शुद्ध करने की क्षमता और बढ़ेगी। सरकार जरूरत के हिसाब से नए औद्योगिक अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र (ETP) और कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) भी स्थापित कर रही है।
बैठक में चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन जे. गणेशन ने बताया कि कई औद्योगिक इकाइयां खर्च बचाने के लिए अपने ट्रीटमेंट प्लांट चला ही नहीं रहीं और दूषित पानी सीधे छोड़ रही हैं। इतना ही नहीं, कुछ जगहों पर टैंकरों के जरिए जहरीला पानी गांवों के तालाबों में डाला जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे उद्योगों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
11 प्रमुख ड्रेनों पर कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट
सरकार अब यमुना तक जाने वाली 11 प्रमुख ड्रेनों पर कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) लगाएगी, ताकि एक भी बूंद बिना ट्रीटमेंट के नदी में न पहुंचे। इसके लिए CSR फंड का भी इस्तेमाल किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक 147.5 एमएलडी क्षमता के 8 नए CETP फरीदाबाद, गुरुग्राम, पानीपत और सोनीपत में स्थापित किए जाएंगे, जबकि यमुनानगर में एक संयंत्र का निर्माण तेजी से जारी है।
एक और बड़ा मुद्दा बैठक में सामने आया—दिल्ली से हरियाणा में आ रहा गंदा पानी। अधिकारियों के अनुसार दिल्ली से 211 एमएलडी अनुपचारित पानी हरियाणा में आता है, जिसे यहां साफ कर फिर वापस भेजा जाता है। इस पर सीएम सैनी ने कहा कि जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा, ताकि यमुना में केवल ट्रीटेड पानी ही छोड़ा जाए।

सरकार ने साफ कर दिया है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी—चाहे उद्योग हों या विभाग, हर किसी को जवाबदेह बनाया जाएगा। यमुना को साफ करने की यह मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है।
- कठिन हालात में भी सफलता का मंत्र सीखो: CM सैनी ने फुले-अंबेडकर जयंती पर दिया बड़ा संदेश
- New Vehicle Purchase Rules: वाहन डीलरों की मनमानी पर लगाम, एसेसरीज और बीमा के लिए नहीं डाल पाएंगे दबाव
- 2018 Mob Lynching: अदालत ने 20 दोषियों को दी उम्र कैद, 25 को सबूतों के अभाव में किया बरी
- मऊ में भीषण सड़क हादसा: कार और ट्रेलर में टक्कर, 5 लोगों की मौके पर मौत
- पप्पू यादव का महिला आयोग को करारा जवाब, नोटिस को बताया अवैध और निराधार, कहा- स्वतः संज्ञान लेना कानूनन गलत

