यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले से इस वक्त की बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे (Jagadhri Paonta National Highway Accident) पर लालढांग के पास मक्के से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया। इस खौफनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में पिता और उनकी दो मासूम बेटियां शामिल हैं। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहाड़ी ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह यमुनानगर के चुहड़पुर कलां का रहने वाला यह परिवार दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्रीरेणुका जी (Sri Renuka Ji Himachal) दर्शन के लिए निकला था। जैसे ही वे कलेसर नेशनल पार्क के पास लालढांग की चढ़ाई पर पहुंचे, तभी सामने पहाड़ी की ढलान से उतर रहा मक्के से भरा एक ट्रक अचानक बेकाबू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोड़ और ढलान होने की वजह से ट्रक चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। चंद सेकेंड में ही ट्रक रॉन्ग साइड पर आकर रेलिंग के पास दोनों बाइकों के ऊपर पलट गया। दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग भारी-भरकम ट्रक और मक्के की बोरियों के नीचे बुरी तरह दब गए। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर राहगीरों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन (Yamunanagar Highway Rescue) शुरू किया।

हादसे में उजड़ गया पूरा परिवार

इस भीषण हादसे में चुहड़पुर कलां के रहने वाले राजेंद्र धीमान (45 वर्ष), उनकी दो बेटियां सिमरन उर्फ सिम्मी (14 वर्ष) और मिनल उर्फ मिनी (12 वर्ष) की सांसें मौके पर ही थम गईं। इनके साथ ही राजेंद्र के रिश्तेदार (बहन के देवर) फूल सिंह निवासी दौलतपुर की भी मलबे में दबने से मौत हो गई।

हादसे में राजेंद्र की पत्नी ऊषा (40 वर्ष) की जान चमत्कारिक रूप से बच गई, क्योंकि वे टक्कर लगते ही बाइक से छिटक कर दूर जा गिरी थीं। हालांकि, उन्हें बेहद गंभीर चोटें आई हैं और वे ट्रामा सेंटर में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। दोनों बच्चियां रिश्तेदार फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं। स्थानीय पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।