यमुनानगर। दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन, हरियाणा, जिला यमुनानगर की ओर से वित्तायुक्त राजस्व (FCR) के नाम जिला राजस्व अधिकारी, यमुनानगर को ज्ञापन सौंपकर पटवारियों द्वारा डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) एवं रेवेन्यू हरियाणा पोर्टल पर कार्य करते समय आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

एसोसिएशन ने मांग की कि मानसून के दौरान खेतों में पानी खड़ा होने तथा दुर्गम परिस्थितियों को देखते हुए DCS की वर्तमान 20 मीटर रेंज को बढ़ाकर 150 मीटर किया जाए। इससे पटवारियों को खेतों में अनावश्यक रूप से अधिक आवागमन करने से राहत मिलेगी तथा गिरदावरी का कार्य सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा।

ज्ञापन में पटवारियों को DCS कार्य के लिए उच्च गुणवत्ता वाले टैबलेट एवं आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग भी की गई। साथ ही रेवेन्यू हरियाणा पोर्टल के इंटरफेस को सरल एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने, Buyer Details की ऑटो-फिल सुविधा उपलब्ध करवाने तथा खेवट/हिस्से में दशमलव से संबंधित तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग रखी गई।

एसोसिएशन ने कहा कि पोर्टल में बार-बार एवं अनावश्यक बदलावों से कार्यप्रणाली प्रभावित होती है। इसलिए पोर्टल को स्थिर, सरल एवं सुगम बनाया जाना आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त अतिरिक्त पटवार हलकों का कार्यभार संभाल रहे पटवारियों को राहत देने के लिए नवनियुक्त पटवारियों को आवश्यकता के अनुसार अस्थायी रूप से हलके आवंटित करने का भी अनुरोध किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रधान रामफल गुज्जर, महासचिव अवतार सिंह, पूर्व प्रधान अभिषेक, पटवारी रिंकल, विकास, अशोक कुमार, रामगोपाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं पटवारी मौजूद रहे।

एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि उपरोक्त मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होने से पटवारियों के कार्यभार एवं समय की बचत होगी तथा राजस्व कार्यों का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।