यमुनानगर के रादौर में ज्वेलर्स से हुई बंदूक की नोंक पर लाखों की लूट के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्वर्णकार समाज ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
यमुनानगर। रादौर में श्री शाकुंभरी ज्वेलर्स पर दिनदहाड़े हुई हथियारबंद लूट की वारदात के बाद अब व्यापारियों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। घटना के विरोध में रविवार को स्वर्णकार समाज एकजुट हो गया और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन से बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी तथा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
रविवार को रादौर की अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर-12 पर स्वर्णकार एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में श्री शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित गुप्ता के साथ हुई लूट की घटना की कड़ी निंदा की गई। समाज के सदस्यों ने कहा कि जिस तरह भीड़भाड़ वाले बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे पूरे व्यापारी वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल है।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एक स्वर में कहा, “हम सब स्वर्णकार समाज के साथ हैं।” उन्होंने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करे और बाजारों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्वर्णकार समाज के सदस्यों ने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो समाज आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने को मजबूर होगा। बैठक में सभी व्यापारियों से एकजुट रहने और घटना से प्रभावित परिवार के साथ खड़े रहने का आह्वान भी किया गया।
गौरतलब है कि रादौर के मुख्य बाजार स्थित श्री शाकुंभरी ज्वेलर्स पर तीन हथियारबंद बदमाशों ने दुकान बंद करने के दौरान संचालक अमित गुप्ता को गन प्वाइंट पर लेकर उनके सिर पर पिस्टल की बट से हमला किया था। इसके बाद बदमाश दुकान की चाबियां और करीब 3 से 4 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना ने पूरे रादौर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था।

