यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां सहारनपुर के एक 20 वर्षीय युवक ने ट्रेन के पहियों के नीचे अपना सिर रखकर आत्महत्या कर ली।

दो हिस्सों में कटा सिर

हमीदा इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर हुई इस घटना में युवक का शरीर दो हिस्सों में कट गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ट्रेन के लोको पायलट ने युवक को ट्रैक के पास खड़ा देखकर बार-बार हॉर्न बजाया लेकिन जैसे ही ट्रेन करीब आई उसने अचानक पटरी पर लेटकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

जेब से मिले दस्तावेजों से हुई शिनाख्त

जीआरपी थाना पुलिस को स्टेशन मास्टर के जरिए इस घटना की सूचना मिली जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया। मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद हुआ जिससे उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के गागलहेड़ी निवासी लक्ष्य यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को मोर्च्युरी में रखवाया

पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल की मोर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि युवक सहारनपुर से यमुनानगर कैसे पहुंचा और उसने मौत को गले लगाने जैसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया।