लखनऊ. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) सोमवार को इस टिप्पणी के विरोध में देशभर में प्रदर्शन कर रही है. वहीं, कांग्रेस नेताओं ने खड़गे का बचाव करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है. इस विवाद ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है. वहीं इस मुद्दे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी की निंदा की है.
योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘भारतीय राजनीति में ‘अपशब्द’ का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है. यह 145 करोड़ भारत वासियों की भावनाओं का अपमान है. भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता यह कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है. कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए.’
इसे भी पढ़ें :
क्या था पूरा मामला?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा.” उन्होंने यह टिप्पणी तीन बार दोहराई. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इसी बात के जवाब में खड़गे ने यह बयान दिया. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उस व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई कर दी. मामले में पटना में शिकायत भी दर्ज कराई. भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने खड़गे से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की है.
नारा लगाने वाले शख्स की सफाई
कार्यक्रम में कथित तौर पर पिटाई का शिकार हुए संतोष ने मीडिया से कहा कि खड़गे उनकी बात ठीक से नहीं समझ पाए. उनके मुताबिक, उनका आशय था कि केवल शांत बैठने से प्रधानमंत्री सत्ता से नहीं जाएंगे, बल्कि इसके लिए विरोध और संघर्ष जरूरी है. विवाद के बीच प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर 27 अगस्त 2025 को बिहार में हुई कथित अपमानजनक टिप्पणी का मुद्दा भी फिर चर्चा में आ गया है. फिलहाल, खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

