जयपुर। Rajasthan News: कानोता राजस्थान की भजनलाल सरकार अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर उतर आई है। सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और पुलिस ने कानोता थाना इलाके के बागराना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर की करीब 40 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। उत्तर प्रदेश के ‘बुलडोजर मॉडल’ की तर्ज पर हुई इस कार्रवाई ने प्रदेश के अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है।

जांच में सामने आया कि यह एक ऐसा नेटवर्क था जिसमें परिवार के लगभग सभी सदस्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। इस काली कमाई के जरिए तस्कर परिवार ने सरकारी नाले और बेशकीमती जमीन पर अतिक्रमण कर एक आलीशान बहुमंजिला इमारत खड़ी कर ली थी। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर जेडीए की प्रवर्तन शाखा ने सोमवार सुबह भारी पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचकर इस अवैध इमारत को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया।
बिना आय का जरिया, फिर भी उद्योगपतियों वाली जिंदगी
पुलिस और जेडीए की संयुक्त जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस तस्कर परिवार के पास आय का कोई वैध जरिया नहीं था, लेकिन उनकी जीवनशैली बड़े उद्योगपतियों जैसी थी। परिवार के सदस्यों के खातों में 84 लाख रुपये से अधिक की नगदी जमा मिली। तस्करों के पास महंगी गाड़ियां और मकान के भीतर करोड़ों का आलीशान फर्नीचर मिला है। परिवार के सदस्य कई बार जेल जा चुके हैं, लेकिन जमानत पर छूटते ही फिर से तस्करी के धंधे में सक्रिय हो जाते थे।
सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। जेडीए की इस बड़ी स्ट्राइक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराध की कमाई से खड़े किए गए साम्राज्य अब सुरक्षित नहीं हैं। यह कार्रवाई उन अपराधियों के लिए एक चेतावनी है जो नियम-कानून को ताक पर रखकर अवैध कब्जे और तस्करी के जरिए संपत्ति बटोर रहे हैं।
पढ़ें ये खबरें
- पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से पहले चेन स्नैचिंग, कलश यात्रा में आरोपियों ने महिलाओं को बनाया निशाना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- रायपुर में ‘सावन क्वींस 2026’ का हुआ भव्य आयोजन, ग्रीन कोड थीम पर मनमोहक प्रस्तुतियों से महिलाओं ने बिखेरा जलवा
- लखनऊ में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर खूनी हमला: चौकी प्रभारी समेत 3 कर्मचारी लहूलुहान, इलाके में तनाव
- मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा हादसा: राइस मिल में मशीन की चपेट में आया मजदूर, हाथ-पैर कटे, घटना दबाने में जुटा प्रबंधन
- Sweety Patel Murder Case: 40 गवाह मुकरे, नहीं मिली लाश… PI देसाई को कैसे हुई उम्रकैद?

