संजय कुमार, जींद। जिले के उचाना क्षेत्र की बेटी योगिता काकड़ोद ने हरियाणा बोर्ड 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। योगिता ने आर्ट्स संकाय में प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद गांव और परिवार में खुशी का माहौल है।

योगिता गांव काकड़ोद निवासी बलवान की बेटी है और बुडायन गांव स्थित शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल की छात्रा है। किसान परिवार से आने वाली योगिता ने 497 अंक हासिल कर यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।

योगिता ने बताया कि उसे रिजल्ट का कई दिनों से इंतजार था। जब उसने खुद अपना परिणाम देखा तो उसे पता चला कि उसने पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके बाद परिवार और गांव में बधाइयों का दौर शुरू हो गया। आसपास के लोग और रिश्तेदार लगातार घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

योगिता ने बताया कि उसका सपना आईएएस अधिकारी बनने का है। उसने कहा कि वह रोज करीब 7 घंटे पढ़ाई करती थी। मोबाइल फोन का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए किया और सोशल मीडिया से पूरी दूरी बनाए रखी।

योगिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और स्कूल स्टाफ को दिया। उसके पिता बलवान खेती करते हैं जबकि माता कविता गृहिणी हैं। परिवार ने कहा कि बेटी ने गांव और जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है।

योगिता के पिता ने कहा कि बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। अगर उन्हें सही माहौल और समर्थन मिले तो वे बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं।

स्कूल के प्रिंसिपल हरेंद्र कुमार ने भी योगिता और पूरे स्कूल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की यह उपलब्धि प्रेरणादायक है। योगिता शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही है और उसने स्कूल, गांव और जिले का नाम रोशन किया है।