अनूप दुबे, कटनी। जिले के रीठी थाना अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस नेपर्दाफाश कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी होने वाली पत्नी ने ही की थी। मोबाइल फोन में किसी अन्य युवती की फोटो को लेकर उपजे विवाद के बाद नाबालिग मंगेतर ने बिजली के तार से गला घोंटकर युवक को मौत के घाट उतार दिया।

​ससुराल आया था युवक, सुबह मिला शव

​मिली जानकारी के अनुसार, विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी 20 वर्षीय सुनील आदिवासी की शादी खम्हरिया गांव की एक युवती से तय हुई थी। शादी की तैयारियों और मेल-मिलाप के सिलसिले में सुनील बीते बुधवार रात अपने होने वाले ससुराल पहुंचा था। लेकिन अगली सुबह गांव के पास ही उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची रीठी पुलिस ने जब शव का मुआयना किया, तो गले और शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे मामला हत्या का लग रहा था।

​एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की मंगेतर से पूछताछ शुरू की। शुरुआती जांच में युवती बार-बार अपने बयान बदल रही थी और जानकारी देने से बच रही थी। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

विवाद की वजह: मोबाइल में अन्य लड़की की फोटो

​पूछताछ में नाबालिग युवती ने खुलासा किया कि रात के समय उसने सुनील के मोबाइल फोन की जांच की थी। मोबाइल में सुनील की किसी अन्य लड़की के साथ फोटो देखकर वह आपा खो बैठी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि युवती ने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपी युवती नाबालिग है। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में ले लिया है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m